शिवपुरी: बदरवास तहसील स्थित खतौरा अनाज मंडी में समर्थन मूल्य पर उपज बेचने आए किसानों ने तुलाई में देरी और अव्यवस्था को लेकर हंगामा किया। किसानों ने आरोप लगाया कि स्लॉट बुक होने के बावजूद उनका अनाज तय समय पर नहीं तोला जा रहा था, जिससे उन्हें परेशानी हो रही थी। भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और खरीदी व्यवस्था पर नाराजगी जताई। किसानों ने तुलाई में लगे कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि खरीदी शुरू होने के पहले दिन से ही इस केंद्र पर अव्यवस्था बनी हुई है। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सतीश कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पूरे मामले को समझा और किसानों से बातचीत की।उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों ने अपनी सफाई में बताया कि खरीदी से संबंधित आईडी का पासवर्ड लॉक हो गया था। इसी वजह से तुलाई प्रक्रिया प्रभावित हुई और किसानों को इंतजार करना पड़ा।
