भोपाल. राजधानी में सभी पार्कों का डिजिटाइजेशन होगा. भोपाल में कुल 241 पार्क हैं जिनमें से 157 पार्क नगर निगम, 12 पार्क सामाजिक वानिकी, 21 पार्क राजधानी परियोजना, 47 पार्क बीडीए तथा 4 पार्क उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित किए जाते हैं. संभागायुक्त संजीव सिंह ने बारिश में नगर में किए जा रहे वृक्षारोपण कार्य की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सभी पार्कों का डिजिटाइजेशन किया जाए जिससे उनकी पूरी जानकारी जीआईएस नक्शे पर प्रदर्शित हो. जानकारी में पार्क का वार्ड, जोन, खसरा नंबर, रकबा, पेड़ों की संख्या तथा केयर टेकर का नाम आदि प्रदर्शित होंगी.
वृक्षारोपण के साथ ही पौधों की देखभाल, बारिश के बाद सिंचाई, सुरक्षा के लिए फैसिंग आदि की पूरी व्यवस्था हो. रोपित किए जाने वाले पौधे पर्याप्त आकार एवं अच्छी गुणवत्ता के हों. वृक्षारोपण निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप किया जाए. नगर के सभी वार्डों में पर्याप्त हरित क्षेत्र विकसित किया जाए. जन सामान्य को भी वृक्षारोपण का महत्व बताया जाए तथा उन्हें एक पेड़ माँ के नाम लगाने के लिए प्रेरित किया जाए.
