नगर पालिका में मां ताप्ती के अपमान का आरोप, कांग्रेस ने जिम्मेदारों से मांगा जवाब

बैतूल। नगर पालिका परिसर में मां ताप्ती के छायाचित्र के अपमान का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस प्रवक्ता लवलेश बब्बा राठौर ने जिम्मेदारों से जवाब-तलब किया है। दरअसल, बैतूल नगर पालिका परिसर में मां ताप्ती के छायाचित्र की उलटी तस्वीर कबाड़ वाली जगह पर दिखाई देने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता ने इसे लाखों ताप्ती भक्तों की आस्था का अपमान बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मां ताप्ती के नाम पर जिले और प्रदेश में सरकार बनाई, आज उसी मां ताप्ती का ऐसा अनादर भाजपा शासित बैतूल नगर पालिका में किया जा रहा है। राठौर ने कहा कि लाखों ताप्ती भक्तों की आस्था का अपमान कांग्रेस बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता लवलेश बब्बा राठौर ने जारी बयान में कहा कि बैतूल की जीवनदायिनी मां ताप्ती जिले के लाखों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। ताप्ती को यहां मां का दर्जा दिया जाता है। ऐसे में नगर पालिका परिषद परिसर में मां ताप्ती का छायाचित्र कबाड़ और गंदगी के बीच उलटा पड़ा दिखाई देना गंभीर धार्मिक और सामाजिक विषय है। उन्होंने कहा कि इस मामले को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

राठौर ने आरोप लगाया कि तस्वीर पिछले करीब दो सप्ताह से इस स्थिति में पड़ी है और जिम्मेदारों ने इसे सम्मानजनक स्थान पर रखने की जरूरत तक महसूस नहीं की।

उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर और मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडे को भी कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि नगर पालिका परिसर में मां ताप्ती का छायाचित्र कबाड़ वाली जगह तक कैसे पहुंचा और उसके उलटा पड़े होने की जानकारी जिम्मेदारों को क्यों नहीं हुई। राठौर ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले में जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का जिक्र करते हुए कहा कि बैतूल उनका गृह जिला है। ऐसे में जिला मुख्यालय की भाजपा शासित नगर पालिका परिषद परिसर में मां ताप्ती के छायाचित्र की ऐसी स्थिति सामने आना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन मां ताप्ती से जुड़ी लाखों लोगों की आस्था का सम्मान हर स्थिति में होना चाहिए।

राठौर ने मांग की कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि मां ताप्ती का छायाचित्र इस स्थिति में कैसे पहुंचा। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसा स्पष्ट संदेश जाना चाहिए कि बैतूल की जीवनदायिनी मां ताप्ती का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस इस मामले में जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होने तक मुद्दा उठाती रहेगी।

Next Post

प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए मिलेंगे 25-25 हजार रुपये

Mon Aug 31 , 2026
भोपाल। कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या अधिक अंक पाने वाले प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों का आधुनिक तकनीक से जुड़ने का सपना जल्द ही पूरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 […]

You May Like