रीवा: आगामी 3 मई को शहर के 12 परीक्षा केन्द्रों में एनटीए नीट यूजी 2026 परीक्षा का आयोजन किया जायेगा. कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने परीक्षा केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें व सुविधाएं दुरूस्त रखने के निर्देश दिये हैं.नीट परीक्षा 3 मई को अपरान्ह 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षा केन्द्र में रिपोर्टिंग का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक निर्धारित किया गया है.
यदि उम्मीदवार पारंपरिक पोशाक पहन रहे हैं तो उन्हें परीक्षा के दिन दोपहर 12.30 बजे तक आवंटित परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना होगा. परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों को अपने साथ एनटीए वेबसाइट से डाउनलोड किये गये प्रवेश पत्र की प्रिंट कॉपी, पोस्टकार्ड साइज की एक फोटो, पासपोर्ट साइज के 2 फोटो, किसी एक अधिकृत फोटो आईडी की मूल तथा वैध प्रति, व्यक्तिगत पारदर्शी पानी की बोतल, लडक़ों के लिए हल्के कपड़े, जिनमें लंबे बाजू न हों, कोई फैंसी पॉकेट, जिपर या बैज न हो तथा लड़कियों के लिए हल्के कपड़े, जिनमें कढ़ाई या लंबे बाजू न हों; धातु की वस्तुओं से बचें तथा केवल लो-हील चप्पल या सैंडल पहनने की अनुमति होगी जूते पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी.
परीक्षा केन्द्र में कोई भी वस्तु जैसे मुद्रित/लिखित पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्यामिति/पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, पेन, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इरेज़र, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन/स्कैनर आदि तथा कोई भी संचार उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इयर$फोन, माइक्रो$फोन, पेजर, हेल्थ बैंड आदि प्रतिबंधित रहेगा. इसी प्रकार अन्य वस्तुएं जैसे बटुआ, चश्मा, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, कोई भी घड़ी, ब्रोसलेट, कैमरा, आभूषण/ धातु की वस्तुएं, कोई भी खुला या पैक किया हुआ खाद्य पदार्थ, पानी की बोतल तथा कोई भी अन्य वस्तु जिसका उपयोग अनुचित उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है, जैसे कि माइक्रोचिप, कैमरा, ब्लूटूथ डिवाइस आदि को छिपाकर रखना प्रतिबंधित किया गया है. शहर में निर्धारित 12 परीक्षा केन्द्रों के समीप परीक्षार्थियों के परिजनों के लिए प्रतीक्षा स्थल निर्धारित किये गये हैं. अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एडिसनल एसपी आरती सिंह ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
