इंदौर: पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम चलाया जा रहा है. 28 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में दो नाबालिगों का अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले का खुलासा करने वाली टीम सहित 28 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया. इसमें पुलिस कमिश्नर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया.
बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने के इसी क्रम में 28 अप्रैल को पलासिया स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया. पलासिया थाना क्षेत्र में नाबालिगों के अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने और बच्चों को सकुशल परिजनों के सुपुर्द करने वाली टीम के 17 पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया. इसके अलावा सदर बाजार थाना टीम को एमडी ड्रग्स के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी, परदेशीपुरा पुलिस को अंधे कत्ल का खुलासा करने, जूनी इंदौर पुलिस को वाहन चोरी के आरोपी को पकड़ने और चार दोपहिया वाहन बरामद करने पर सम्मान मिला.
सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की
इस अवसर पर यातायात प्रबंधन में बेहतर कार्य करने और एक्सीडेंट डेटा का व्यवस्थित संधारण करने वाले पुलिसकर्मियों को भी पुरस्कृत किया गया. इस दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से पुलिस की कार्यप्रणाली मजबूत होती है और जनता का भरोसा बढ़ता है. उन्होंने आगे भी इसी तरह बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया.
