​भोपाल, उज्जैन और शिवपुरी समेत कई जिलों में पुलिस का एक्शन; लाखों की अवैध शराब और लग्जरी वाहन जब्त

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस ने अप्रैल माह में चलाए गए प्रदेशव्यापी अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.66 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की शराब और संबंधित संपत्ति जब्त की है। यह अभियान अवैध निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार पूरे माह भर चलाए गए सघन छापों, वाहन चेकिंग और विशेष अभियानों के दौरान विभिन्न जिलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। भोपाल में क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ अभियान के दौरान 45 हजार रुपये मूल्य की शराब और एक चार पहिया वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

उज्जैन में नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 पेटी शराब, दो लग्जरी वाहन और फर्जी नंबर प्लेट सहित लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। वहीं शिवपुरी पुलिस ने अलग-अलग छापेमारी में 32 लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब और वाहन बरामद किए।

इसी तरह डिंडोरी, छतरपुर, रतलाम और खरगोन जिलों में पुलिस ने तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए भंडारण स्थलों पर छापे मारे और परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को जब्त किया। नर्मदापुरम और इटारसी में संयुक्त रूप से 9 लाख रुपये से अधिक की जब्ती हुई, जबकि मंदसौर, बालाघाट और मुरैना में संगठित शराब तस्करी से जुड़े मामलों में गिरफ्तारियां की गईं।

सिवनी में पुलिस ने 121 पेटी बीयर जब्त की, वहीं हाईवे पर भी कई खेप पकड़ी गईं। दमोह और दतिया में भी वाहन सहित अवैध शराब बरामद की गई।

मध्य प्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

 

 

Next Post

फॉर्च्यूनर कार से कर रहा था एमडी ड्रग्स की तस्करी, 11.12 ग्राम एमडी और डिजिटल तराजू बरामद

Wed Apr 29 , 2026
इंदौर: क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को 11.12 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी फॉर्च्यूनर कार से तस्करी करता था. पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार से मोबाइल और डिजिटल तोल मशीन सहित करीब 42 लाख रुपए का माल जब्त किया है.शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए […]

You May Like