इंदौर: क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को 11.12 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी फॉर्च्यूनर कार से तस्करी करता था. पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार से मोबाइल और डिजिटल तोल मशीन सहित करीब 42 लाख रुपए का माल जब्त किया है.शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच लगातार कार्रवाई कर रही है.
इसी दौरान टीम को शिवालय रोड क्षेत्र में एक फॉर्च्यूनर कार में बैठा संदिग्ध युवक नजर आया. पुलिस को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं, जिस पर घेराबंदी कर उसे रोका. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नंदकिशोर वोरा उर्फ वंश निवासी मुसाखेड़ी बताया. वाहन की तलाशी लेने पर सीलिंग बॉक्स के पास से 11.12 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई. साथ ही कार से डिजिटल तोल मशीन भी मिली.
25 मामले दर्ज, 39 आरोपियों को गिरफ्तार
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह सस्ते दाम में ड्रग्स खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है. डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि 1 जनवरी से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 25 मामले दर्ज कर 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है
