जबलपुर : निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देश पर शासकीय मोहन लाल हरगोविंद गृह विज्ञान एवं विज्ञान महिला महाविद्यालय, जबलपुर में ‘स्व-गणना एवं जनगणना जागरूकता’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र का उद्देश्य छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को आगामी जनगणना की डिजिटल प्रक्रिया से अवगत कराना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव एवं नोडल अधिकारी सागर बोरकर उपस्थित रहे।इस मौके पर सागर बोरकर ने पोर्टल के तकनीकी पहलुओं और नागरिक सहभागिता की सुगमता पर विस्तृत प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान एक फ्लो चार्ट के माध्यम से स्व-गणना की चरणबद्ध जानकारी साझा की गई। उपस्थित प्रतिभागियों को स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण की विधि, डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से डेटा प्रविष्टि, सत्यापन के विभिन्न चरण के तहत प्रशिक्षित किया गया।
महाविद्यालय की सक्रिय सहभागिता
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. समीर कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्राचार्य ने इस पहल को राष्ट्रीय कर्तव्य बताते हुए कहा कि कॉलेज की छात्राएं समाज में जागरूकता फैलाने के लिए ‘ब्रांड एंबेसडर’ की भूमिका निभाएंगी।कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं की गणना सुनिश्चित करेंगे, बल्कि जन-जन को इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित भी करेंगे।
