मुआवजा दिलाने का झांसा, किसान से 12 हजार की साइबर ठगी

सिंगरौली । जिले में साइबर ठग अब एनसीएल मुआवजे के नाम पर भी लोगों को निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला चितरंगी तहसील के ग्राम नौगई प्रथम का है, जहां मुआवजे की आस लगाए बैठे एक किसान से खुद को एनसीएल कर्मचारी बताने वाले साइबर ठग ने 12 हजार की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ि़त ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 और गढ़वा थाना में दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम नौगई प्रथम निवासी अंबिकेश सिंह चौहान की भूमि एनसीएल परियोजना से प्रभावित है और उन्हें मुआवजा मिलना है। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर स्वयं को एनसीएल का कर्मचारी बताया। ठग ने कहा कि उनके नाम से 2 लाख 80 हजार का मुआवजा स्वीकृत है, लेकिन सेविंग अकाउंट होने के कारण राशि ट्रांसफर नहीं हो पा रही है। इसके बाद उसने खाते को सक्रिय कराने के नाम पर अलग-अलग प्रक्रिया बताकर किसान को अपने झांसे में ले लिया। इसी दौरान पीड़ि़त के मोबाइल पर 10 हजार और 25 हजार के असफल ट्रांजैक्शन के संदेश भी आए। ठग ने इन्हें तकनीकी प्रक्रिया बताकर भरोसा दिलाया और अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर राशि भेजने के लिए कहा। मुआवजा मिलने की उम्मीद में किसान ने बताए गए नंबरों पर कुल 12 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। राशि भेजने के कुछ समय बाद जब मुआवजा खाते में नहीं पहुंचा और फोन करने वाला व्यक्ति संपर्क से बाहर हो गया, तब किसान को साइबर ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और गढ़वा थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित रिपोर्ट दी। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि साइबर अपराधी सरकारी योजनाओं और मुआवजा प्रक्रियाओं का सहारा लेकर ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मुआवजा, बैंक खाते या सरकारी भुगतान से जुड़े किसी भी फोन कॉल पर बिना आधिकारिक पुष्टि किए किसी भी खाते या मोबाइल नंबर पर पैसे ट्रांसफर न करें। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह देखना होगा कि पीड़ित किसान की ठगी गई रकम वापस मिल पाती है या नहीं।

 

००००००

Next Post

रोजगार लेने नहीं देने वाले बनें युवा : डॉ मोहन यादव 

Sat Jul 11 , 2026
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है और इसी ऊर्जा के बल पर देश हर क्षेत्र में नए विकास की इबारत लिख रहा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, कौशल, नवाचार और उद्यमिता के दम पर […]

You May Like