
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है और इसी ऊर्जा के बल पर देश हर क्षेत्र में नए विकास की इबारत लिख रहा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, कौशल, नवाचार और उद्यमिता के दम पर विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में भागीदार बनें। मुख्यमंत्री शनिवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 को मध्यप्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला उद्यमी बनाना है। इसके लिए कौशल विकास, स्टार्टअप, स्वरोजगार और उद्योगों से जुड़ी योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। भोपाल के ग्लोबल स्किल पार्क सहित विभिन्न संस्थानों के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के दो करोड़ से अधिक युवाओं की भागीदारी के बिना विकसित मध्यप्रदेश का सपना पूरा नहीं हो सकता। सरकार युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य तय करने और नवाचार के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मसौदा सौंपा
कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवाओं ने ‘विकसित मध्यप्रदेश-2047’ के लिए तैयार संकल्प-पत्र का मसौदा मुख्यमंत्री को सौंपा। इसमें शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, एमएसएमई, पर्यटन और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों से जुड़े सुझाव शामिल हैं।
आर्थिक रूप से मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार होम-स्टे, मेडिकल शिक्षा ऋण, उद्योग स्थापना और रोजगार सृजन जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है। उन्होंने राहवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वहीं पीएम हेली सेवा और एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रैली को रवाना किया
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाबरा के लिए बाइक रैली तथा ओंकारेश्वर के लिए साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक पर सवार होकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
युवाओं की भागीदारी
कॉन्क्लेव में युवाओं के स्टार्टअप, नवाचार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला प्रदर्शनी और संवाद सत्र आकर्षण का केंद्र रहे, जहां बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने भागीदारी की।
कांग्रेस पर साधा निशाना
युवाओं के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करीब 40 वर्ष पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने स्वयं स्वीकार किया था कि केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से आम जनता तक केवल 15 पैसे ही पहुंच पाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की व्यवस्था लागू की। उन्होंने कहा कि मोदी ने जन-धन योजना के तहत करोड़ों लोगों के लिए ज़ीरो बैलेंस वाले बैंक खाते खुलवाए और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सरकारी सहायता की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई और योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंचने लगा। डॉ. यादव ने कहा कि आज यदि करोड़ों लोगों को किसी सरकारी योजना का लाभ देना होता है, तो राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों ने ऐसी व्यवस्था विकसित नहीं की थी, जबकि वर्तमान सरकार ने तकनीक और बैंकिंग प्रणाली का उपयोग कर सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया है।
