सिंगरौली:जिले में पुलिस विभाग के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब निरीक्षक श्री लाल प्रमोद सिंह को उत्कृष्ट सेवा के लिए केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रदत्त पदक से सम्मानित किया गया। 28 अप्रैल 2026 को आयोजित कार्यक्रम में उन्हें विधिवत पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा लंबे समय से किए जा रहे कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया है।
निरीक्षक लाल प्रमोद सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली और समर्पण ने उन्हें विभाग में एक अलग पहचान दिलाई है। इस सम्मान को न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि बल्कि पूरे जिले के पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश कुमार प्रजापति, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी नवानगर अनिल कुमार पटेल एवं रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
