जबलपुर: सिविल लाइन थाना अंतर्गत समीक्षा टाउन में 11 अप्रैल को मामूली विवाद पर अधिवक्ता के साथ मारपीट करने वाले आरक्षक केे खिलाफ पुलिस ने हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है।विदित हो कि समीक्षा टाउन सिविल लाइन निवासी अधिवक्ता पंकज शर्मा के घर के पास 11 अप्रैल की शाम कुछ बच्चे शोर-शराबा कर रहे थे। अधिवक्ता ने बच्चों को शांत रहने के लिए कहा था और शोर का विरोध किया था।
इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले और मदन महल थाने में पदस्थ आरक्षक साकेत तिवारी वहां पहुंचे थे बच्चों की बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसके बाद आरक्षक ने अधिवक्ता के साथ मारपीट की थी। हाथापाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
अधिवक्ता ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की थी। वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपे थे। तीन घंटे थाने में बैठाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की थी । पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय समझौता करने का दबाव बनाया था। पुलिस आरक्षक साकेत तिवारी के खिलाफ लगातार शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होन पर अधिवक्ता ने 23 अप्रैल को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की की है। जिसके बाद पुलिस ने अब आरक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
