सीहोर। गर्मी ने अप्रैल माह में पिछले 10 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है. पिछले तीन दिनों से लगातार अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार बना हुआ है. वहीं मंगलवार से मौसम विभाग ने हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
ऐसे में कलेक्टर बालागुरू के. ने गर्मी में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को देखते हुए शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के संचालन का समय 30 अप्रैल तक सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे किया गया है. दो पालियों में संचालित होने वाले स्कूलों का समय यथावत रहेगा. हालांकि परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य पूर्ववत ही रहेगा. कलेक्टर ने आंगनवाडिय़ों का भी समय बदल दिया है. जिले की सभी आंगनबाडिय़ां बच्चों के लिए सुबह 8.30 बजे से 11.30 बजे तक संचालित होगी. यह आदेश सभी प्ले स्कूल, सभी शासकीय, अशासकीय, केन्द्रीय विद्यालय, सीबीएसई से संबद्ध समस्त शालाओं पर भी लागू रहेगा.
गौरतलब है कि सोमवार को अधिकतम तापमान 44.5 और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के हीट वेव के अलर्ट से आने वाले दिनों में गर्मी और बढऩे की आशंका जताई जा रही है. हालांकि एक दिन पहले रविवार देर शाम जिले के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई थी. इससे मौसम में थोड़ी राहत तो मिली थी, लेकिन अब उमस और ज्यादा बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार अप्रैल खत्म होते-होते गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है और मई के शुरुआती दिनों में हालात और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं.
पिछले 10 साल में अप्रैल महीने में अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार नहीं गया. अप्रैल महीने में अधिकतम तापमान 2023 में जरूर 43 डिग्री तक पहुंचा था. लेकिन इस बार गर्मी ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं. सोमवार को सुबह से ही गर्मी का असर तेज दिखाई दिया। स्थिति यह रही कि सुबह 10 बजे ही अधिकतम तापमान 41 डिग्री पहुंच गया. दोपहर 12 बजे तापमान 43 डिग्री पार हो चुका था। 2 बजे अधिकतम तापमान 44 डिग्री पार हो चुका था। करीब 2 घंटे तक 44.5 डिग्री ही तापमान बना रहा. सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.
