पंजाब पुलिस के पूर्व डीआईजी भुल्लर पर प्रवर्तन निदेशालय का शिकंजा, परिसरों पर छापेमारी

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पंजाब पुलिस के पूर्व डी.आई.जी. हरचरण सिंह भुल्लर और अन्य से संबंधित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चला रहा है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी.बी.आई.), भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ए.सी.बी.), चंडीगढ़ ने पूर्व डी.आई.जी. और अन्य के खिलाफ मामले दर्ज किये हैं, उनके आधार पर ही ये कार्रवाई की जा रही है। इन मामलों में आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति और एक आपराधिक मामले के निपटारे के लिए बिचौलिए के माध्यम से अवैध धनराशि की मांग जैसे आरोप शामिल हैं। निदेशालय के एक अधिकारी ने कहा, “आरोपी, सहयोगियों और संदिग्ध बेनामीदारों से जुड़े 11 परिसरों (चंडीगढ़-2, लुधियाना जिला-5, पटियाला-2, नाभा-1 और जालंधर-1) में धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 17 के तहत तलाशी ली जा रही है।” अधिकारी ने बताया कि तलाशी का उद्देश्य अपराध से अर्जित आय का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों की पहचान करना और धन शोधन से संबंधित साक्ष्य एकत्र करना है।
गौरतलब है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) ने पिछले साल अक्टूबर में पूर्व उप महानिरीक्षक (डी.आई.जी.) हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था। उन्हें 17 अक्टूबर, 2025 को एक अन्य मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। सीबीआई की प्रथम सूचना रिपोर्ट के अनुसार, आकाश बारा ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पंजाब पुलिस के डीआईजी (रोपड़ रेंज) भुल्लर और एक निजी व्यक्ति कृषानु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 (2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7ए के तहत 16 अक्टूबर को एक नियमित मामला दर्ज किया गया था।

सीबीआई ने इस मामले में बिचौलिए आरोपी कृषानु को शिकायतकर्ता से श्री भुल्लर के लिये पांच लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद सीबीआई ने श्री भुल्लर और बिचौलिए कृषानु को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की एफआईआर के अनुसार, “उक्त मामले की जांच के क्रम में, चंडीगढ़ स्थित भुल्लर के आवासीय परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 7,36,90,000 रुपये नकद बरामद किए गए, जिनमें से 7,36,50,000 रुपये जब्त कर लिए गए। इसके अलावा, कुल 2,32,07,686 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और चांदी की वस्तुएं (भुल्लर के शयनकक्ष से), तथा 26 ब्रांडेड और महंगी घड़ियाँ भी बरामद की गईं।”

एफआईआर में कहा गया है, “अचल संपत्ति के दस्तावेज भी जब्त किये गये हैं, जिनमें चंडीगढ़ के एक घर और फ्लैट के दस्तावेज तथा मोहाली, होशियारपुर और लुधियाना जिलों में लगभग 150 एकड़ कृषि भूमि के अधिग्रहण से संबंधित दस्तावेज और श्री भुल्लर, उनके परिवार के सदस्यों (जिनमें पत्नी तजिंदर कौर भुल्लर, बेटा गुरप्रताप सिंह भुल्लर और बेटी तेजकिरण कौर भुल्लर शामिल हैं) और अन्य के नाम पर व्यावसायिक संपत्तियां शामिल हैं। श्री भुल्लर और उनके परिवार के सदस्यों के पास मर्सिडीज, ऑडी, इनोवा और फॉर्च्यूनर जैसी महंगी श्रेणी के वाहनों सहित पांच वाहन भी पाये गये।”
सीबीआई. ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) सहपठित धारा 13(2), और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की थी। अब प्रवर्तन निदेशालय ने भी सीबीआई की एफआईआर के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम का मामला दर्ज किया है और छापेमारी की जा रही है।

Next Post

केंद्र सरकार की 'वन नेशन, वन केवाईसी' पहल से बैंकिंग और निवेश होगा आसान, अब एक बार के सत्यापन से सभी वित्तीय संस्थानों में मिलेगी सीधी एंट्री

Mon Apr 27 , 2026
नयी दिल्ली | देश के आम नागरिकों को अब बैंक खाता खोलने, बीमा पॉलिसी लेने या म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए बार-बार केवाईसी (KYC) की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ‘पोर्टेबल केवाईसी’ व्यवस्था लागू करने के स्पष्ट संकेत दिए हैं, जिसका […]

You May Like