
खंडवा। जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार की काली रात एक ऐसी त्रासदी लेकर आई, जिसने दो गांवों के हँसते-खेलते परिवारों को उम्र भर का दर्द दे दिया। बलवाड़ा से लुनहार गांव की ओर जा रही बारात उस वक्त मातम में डूब गई, जब एक तेज रफ्तार कार एक गांव के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक खंडहरनुमा मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिनका इलाज किया जा रहा है।
इस हादसे ने मोहित (22), ऋतिक (24) और पुष्पक (24) की मौके पर ही मौत हो गई है। वही गंभीर रूप से घायल पवन और सावन का उपचार फिलहाल जिला अस्पताल में जारी है।
जैसे ही मृतकों के शव अस्पताल पहुंचे, वहां परिजनों और परिचितों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। अपनों को खोने का गम इस कदर था कि अस्पताल परिसर में मौजूद हर शख्स की आँखें नम हो गईं।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे सहित भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। प्रशासन और पुलिस अब हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे अब एक गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं।
