इंदौर: शनिवार से शहर में स्वच्छ इंदौर स्वस्थ इंदौर अभियान 2.0 शुरू हो गया. महापौर ने उक्त अभियान का शुभारंभ निगम वार्ड 9 से किया. पहले चरण में विधानसभा 1 के चार वार्डो में विशेष सफ़ाई अभियान चलाया जाएगा.देश में शहर को स्वच्छता अभियान में शीर्ष बनाए रखने एवं जन स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा निरंतर स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा वार्ड क्रमांक 9 अंतर्गत वृंदावन कॉलोनी से स्वच्छ इंदौर, स्वस्थ इंदौर 2.0 का शुभारभ किया गया.
स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि विशेष अभियान के तहत शहर की सभी विधानसभा के वार्डों में व्यापक सफाई कार्य किया जाएगा. साथ ही मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हेतु नियमित रूप से छिड़काव, फॉगिंग एवं अन्य स्वास्थ्य सुरक्षा उपाय भी किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में 15 दिनों तक विधानसभा एक के वार्ड 9, 3, 4 एवं 13 में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. इस अवसर पर पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, कमल वाघेला, महापौर प्रतिनिधि शैलू दवे, पार्षद राहुल जायसवाल, शिखा दुबे, बरखा मालू, पराग कौशल सहित बड़ी संख्या में रहवासी एवं निगम अधिकारी उपस्थित थे.
स्वच्छता निरंतरता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण
विशेष सफ़ाई अभियान के शुभारंभ पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि स्वच्छता एक ऐसा विषय है जिसे समझाना जितना आसान है, लेकिन निरंतर बनाए रखना उतना ही चुनौतीपूर्ण कार्य है. इंदौर शहर ने नागरिकों की जागरूकता और स्वच्छता के प्रति उनकी आदतों के कारण देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है.
