
सिंगरौली : कोतवाली बैढ़न पुलिस ने ब्लैकमेल कर महिला से रुपये ऐंठने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को अभिनेता बताकर महिला से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उसे ब्लैकमेल किया।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक मोबाइल नंबर से फोन कर आरोपी ने अपना नाम शुभम पाण्डेय उर्फ प्रदीप पाण्डेय उर्फ चिंटू अभिनेता बताया।
लगातार बातचीत के बाद आरोपी ने शादी का विश्वास दिलाया और फिर जबरन महिला से निजी एवं नग्न फोटो मंगवाएं। इसके बाद आरोपी ने उन्हीं तस्वीरों के आधार पर उसे बदनाम करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने कई किस्तों में धमकी देकर पीड़ि़ता से कुल 1 लाख 5 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। इतना ही नहीं आरोपी ने अपने एक साथी के माध्यम से भी महिला पर दबाव बनवाया।
बाद में आरोपी ने अलग-अलग नंबरों से संपर्क कर अतिरिक्त 5 लाख रुपये की मांग भी शुरू कर दी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी शुभम पाण्डेय उर्फ प्रदीप पाण्डेय उर्फ चिंटू अभिनेता पिता जानकी प्रसाद पाण्डेय उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम पयासी ताला खरौंध, थाना करवी, जिला चित्रकूट-उ.प्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना जारी रखी है। इस कार्रवाई को साइबर ठगी और ब्लैकमेल के मामलों में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है
