इंदौर: एमजी रोड थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बुलेट चालक की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली. दरगाह चौराहे के पास हुई जोरदार टक्कर में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई.
32 वर्षीय मृतक गोपाल पिता बाबूलाल निवासी बजरंग नगर अपनी बाइक नम्बर एमपी 09 क्यूबी 9600 से जा रहा था. जैसे ही वह डीआरपी लाइन स्थित दरगाह चौराहे के पास पहुंचा, सामने से आ रही बुलेट नम्बर एमपी 09 वीएस 3584 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गोपाल बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा. हादसे में उसके सिर, दाहिने हाथ के पंजे और बाएं घुटने में गंभीर चोटें आईं. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सिर में गंभीर चोट के चलते उसकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. परिजनों की शिकायत पर आरोपी बुलेट चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
