
ग्वालियर। स्वर सम्राट किशोर कुमार की जयंती पर मंगलवार को ग्वालियर व्यापार मेला परिसर सुरों, स्मृतियों और भावनाओं से सराबोर हो उठा। अंश खेल शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उनके अमर गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। जैसे ही “ज़िंदगी के सफर में गुज़र जाते हैं जो मुकाम…” गीत की प्रस्तुति हुई, पूरा पंडाल तालियों की गूंज से गूंज उठा और उपस्थित संगीत प्रेमियों ने अपने प्रिय गायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अशोक जादौन ने कहा कि किशोर कुमार केवल एक गायक नहीं, बल्कि भारतीय संगीत जगत की अमूल्य धरोहर हैं, जिनकी आवाज़ आज भी हर पीढ़ी के दिलों में जीवंत है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला महामंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह तोमर एवं वरिष्ठ नेता श्री सुघर सिंह पवैया उपेंद्र सिंह भैंस एडवोकेट हरीश दीवान चंद्रेश पवैया योगेंद्र सिंह परिहारने कहा कि किशोर कुमार का संगीत समय और पीढ़ियों की सीमाओं से परे है तथा उनकी विरासत सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
समिति के सचिव एडवोकेट पियूष मंगलानी, सह सचिव विपिन केसवानी एवं पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कलाकारों ने उनके सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर देर शाम तक समां बांधे रखा।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
