छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में विदेशी वित्त पोषण को लेकर ईडी ने जुटाए अहम साक्ष्य

रायपुर, 25 अप्रैल ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में संदिग्ध विदेशी वित्त पोषण को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धमतरी और बस्तर सहित देश के विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

अधिकारियों से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान विदेशी मूल के कई डेबिट कार्ड, बड़ी मात्रा में नकदी, डिजिटल उपकरण और अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच में यह संकेत मिला है कि विदेशी डेबिट कार्डों के माध्यम से भारत में बड़ी रकम निकाली गयी, जिसका उपयोग छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में किया जा रहा था।

गौरतलब है कि बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अप्रवासन अधिकारियों ने गत दिनों एक विदेशी नागरिक को हिरासत में लिया थी। उसके पास से कई विदेशी बैंक कार्ड बरामद हुए, जिनके जरिए देश में वित्तीय लेन-देन किए जाने के संकेत मिले हैं।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, एक अंतरराष्ट्रीय संगठन से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आई है। यह संगठन धार्मिक गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सवाल उठे हैं कि संबंधित संस्था विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए ) के तहत पंजीकृत नहीं होने के बावजूद विदेशी धन का उपयोग कैसे कर रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हाल के महीनों में विदेश से बड़ी मात्रा में धनराशि भारत लाई गई और इसके लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लेन-देन का रिकॉर्ड रखा गया। एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि इस फंडिंग का अंतिम उपयोग किस उद्देश्य से किया गया। प्रवर्तन निदेशालय ने मामले में जांच तेज कर दी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

 

 

Next Post

युवाओं को गवर्नेंस का हिस्सा बनाने का सही समय : कर्नल राठौर

Sat Apr 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (वार्ता) एथेंस ओलंपिक के रजत पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने शनिवार को देश के युवाओं से अपने लक्ष्य पाने के लिए फोकस्ड रहने को कहा। ओलंपिक मेडलिस्ट कर्नल राठौर, जिन्होंने अपने शानदार स्पोर्ट्स करियर में अलग-अलग ग्लोबल और एशियन शूटिंग इवेंट्स में 9 गोल्ड […]

You May Like

मनोरंजन