ग्वालियर: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर पहुंचे हैं. उनके स्वागत के दौरान ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ जुटने से अफरा तफरी मच गई. भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन नाकाम रहा और भीड़ में एक मासूम बच्ची दब गई. वो रोती-चिल्लाती रही, लेकिन समर्थक स्वागत में लगे रहे. हालांकि मासूम के पिता ने किसी तरह से अपनी बेटी को बचाया. अफरा तफरी का माहौल भारी भीड़ जुटने के कारण हुआ.
केंद्रीय मंत्री सिंधिया के ग्वालियर पहुंचते ही रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्वागत के दौरान धक्कामुक्की और अफरातफरी का माहौल बन गया. इसी दौरान भीड़ में फंसी एक बच्ची नीचे गिर गई और कुचल गई. स्वागतकर्ताओं के पैरों के नीचे बच्ची का पैर दब गया. वो चिल्लाती रही. घटना के बाद भी समर्थक स्वागत में लगे रहे. वहीं मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सका.
घायल बच्ची के पिता ने बताया कि कल रात मेरी बच्ची नेताजी के स्वागत में उमड़ी भीड़ की धक्का-मुक्की मे दब गई. न पुलिस वालों ने बचाया, न रेलवे कर्मचारियों ने. मेरी बच्ची दब गई… बड़ी मुश्किल से मैंने उसकी जान बचाई. न आरपीएफ है, न कोई और बचाने वाला. इतनी छोटी बच्ची थी कि दबने से उसका कुछ भी हो सकता था. यह चिंताजनक बात है. केंद्रीय मंत्री सिंधिया आज शनिवार से चार दिवसीय ग्वालियर-चंबल संभाग दौरे पर हैं.
