इंदौर:नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने शुक्रवार को ओंकारेश्वर के पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में सिंहस्थ-2028 के लिए ओंकारेश्वर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए.उन्होंने सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में किये जा रहे निर्माण कार्यों में सिंहस्थ के व्यस्ततम समय के लिए अनुमानित दर्शन क्षमता के अनुरूप भीड़ प्रबंधन के लिए होल्डिंग एरिया तैयार करने, विशिष्टजन के लिए अलग कारिडोर बनाने तथा आपातकालीन चिकित्सा रूट की व्यवस्था करने के निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिए.
बैठक में बैठक में मप्र पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी., कलेक्टर ऋषव गुप्ता, सहित गृह, स्वास्थ्य, वन, लोक निर्माण- भवन, सेतु व सड़क, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग; तथा नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, नगर एवं ग्राम निवेश, मप्र विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. बैठक से पूर्व अपर मुख्य सचिव श्री दुबे ने सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में किए जा रहे निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को शीघ्रता से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए,
घाटों के समीप कुंड तैयार करें
एसीएस संजय दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग क्षेत्र में ईवी चार्जिंग प्वाइंट, ई-कार्ट, बैटरी संचालित साइकिल और व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की जाए. उन्होंने सिंहस्थ के दौरान पैदल आने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए थोड़ी थोड़ी दूरी पर पेयजल और अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था करने और घाटों के समीप स्नान हेतु कुंड तैयार करने के निर्देश दिए.
