जबलपुर: शहपुरा पुलिस ने इंडियन ऑयल डिपो के ठीक सामने टैंकर से पेट्रोल चोरी करते एक टैंकर चालक को रंगे हाथों पेट्रोल निकालते हुए गिरफ्तार किया गया. पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि इंडियन आईल डिपो शहपुरा के सामने रोड पर खड़े एक टैंकर से पेट्रोल की अवैध निकासी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। वहां का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई। टैंकर क्रमांक एमपी 20 जेड ए 8174 से सटक लगाकर बड़ी ही चालाकी से पेट्रोल निकाला जा रहा था।
पुलिस को देखते ही पेट्रोल निकाल रहे व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी राम सुशील यादव (38) निवासी कोल्हाई रीवा ने पूछताछ में कबूल किया कि वह उसी टैंकर का चालक है और डिपो से तेल लोड करने के बाद मुनाफाखोरी के चक्कर में पेट्रोल निकाल रहा था। जांच में पाया गया कि टैंकर में कुल 12,000 लीटर पेट्रोल लोड था। आरोपी ने इसमें से करीब 65 लीटर पेट्रोल दो नीले रंग की जरीकेन में निकाल लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 65 लीटर पेट्रोल कीमत लगभग 6,500 रुपये, 3 प्लास्टिक बाल्टी और चोरी में प्रयुक्त सटक-चाडी जब्त की है। टैंकर में शेष बचा 11,935 लीटर पेट्रोल सुरक्षित पाया गया है। पुलिस अब इस मामले में यह भी पता लगा रही है कि आरोपी यह तेल किसे बेचने वाला था।
