सौसर: क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय, तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने गुरुवार को कई ठिकानों पर छापामार कार्यवाही की। आबकारी वृत्त सौसर द्वारा की गई इस सघन कार्रवाई में ग्राम बड़गांबोडी, नवथल, उटेकाटा घोंदी और वाघोड़ा ढाना क्षेत्र में नदी एवं नालों के किनारे संचालित हो रहे अवैध ठिकानों पर दबिश दी गई। इस छापामार कार्रवाई के दौरान विभाग ने भारी मात्रा में महुआ लाहन और कच्ची शराब बरामद की है।
हजारों किलो लाहन मौके पर किया नष्ट
कार्रवाई के दौरान टीम को झाड़ियों और नालों के पास छिपाकर रखा गया लगभग 6000 किलोग्राम महुआ लाहन मिला। विभाग ने मौके पर ही लाहन के सैंपल लिए और शेष सामग्री को नष्ट कर दिया। इसके साथ ही लगभग 80 लीटर तैयार महुआ शराब भी जप्त की गई है।
8 आरोपियों पर मामला दर्ज
आबकारी विभाग ने इस मामले में प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) च के तहत कुल 08 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। वृत्त प्रभारी केसी चौहान ने नवभारत से चर्चा में बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
कार्रवाई में शामिल रही बड़ी टीम
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को वृत्त प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी के.सी. चौहान, जी.एल. मरावी और भारती गोंड के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक आकाश मेश्राम, जीत सिंह धुर्वे, नरेंद्र कुमार नागेश, आनिकेत पटेल सहित आबकारी आरक्षक जितेंद्र सिंह, श्याम कुमार शर्मा, उत्कर्ष ठाकरे, भावना हेड़ाऊ, श्रद्धा, मुकेश, सोनाली वरकड़े, भारती मरकाम, रविना एवं होमगार्ड के जवान मुस्तैदी से तैनात रहे।
