जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत नगना के पास बुधवार रात सागर से जबलपुर आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और बिजली के खंभे से टकराकर आधी पलट गई। इस हादसे में बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि ओवरटेक के चक्कर में हादसा हुआ है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस क्रमांक केएल 16 एन 6570 सागर से जबलपुर की ओर आ रही थी।
रात करीब 10 बजे जैसे ही बस नगना के समीप पहुँची, चालक ने सामने से आ रहे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान रफ्तार तेज होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई और असंतुलित होकर आधी पलट गई। हादसे के वक्त 42 सीटों वाली यह बस पूरी तरह भरी हुई थी। बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही माढ़ोताल पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में घायल हुए आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बस की स्थिति को देखते हुए परिणाम और भी गंभीर हो सकते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
