जिला पंचायत: मेरिट में आने वाले ग्रामीण छात्र होंगे सम्मानित, शिक्षकों का खत्म होगा अटैचमेंट

भोपाल: कलेक्टर कार्यालय में जिला पंचायत शिक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं समिति सभापति मोहन सिंह जाट ने की. बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार अहिरवार ने एजेंडा बिंदुवार प्रस्तुत करते हुए हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के परीक्षा परिणामों की जानकारी दी. इस दौरान सभापति ने प्रस्ताव रखा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को जिला पंचायत की ओर से सम्मानित किया जाएगा, जिसे सदस्यों ने सहमति दी.बैठक में शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर चर्चा हुई.

सभापति ने निर्देश दिए कि जहां-जहां शिक्षक अटैच हैं, उनका तत्काल अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें मूल शालाओं में पदस्थ किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और आगामी सत्र में बेहतर परिणाम मिल सकें. साथ ही नए शैक्षणिक सत्र में जुलाई माह से एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रत्येक छात्र से स्कूल परिसर में पौधरोपण कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया.
निपानिया सूखा स्कूल के लिए नए भवन की मांग बैठक में निपानिया सूखा स्थित माध्यमिक शाला के बच्चों के पेड़ के नीचे पढ़ने का मुद्दा प्रमुखता से उठा. सभापति मोहन सिंह जाट ने नए भवन निर्माण की मांग करते हुए सदन के समक्ष तस्वीरें भी प्रस्तुत कीं. जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर ने ग्रामीण स्कूलों में शौचालयों की खराब स्थिति और जर्जर भवनों की समस्या उठाते हुए बारिश से पहले मरम्मत कराने की आवश्यकता जताई.
उन्होंने शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और नियमित निरीक्षण पर जोर देते हुए कहा कि कई शिक्षक बिना सूचना अनुपस्थित रहते हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होती है. अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए.योजनाओं की समीक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस बैठक में पिछली कार्रवाई की समीक्षा के साथ शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, सर्व शिक्षा अभियान, भवनों के जीर्णोद्धार, बाउंड्री वॉल निर्माण और आरटीई के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई. इसके अलावा स्कूलों में पेयजल व्यवस्था, अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावासों की सुविधाएं तथा मध्यान्ह भोजन योजना की स्थिति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.

Next Post

प्रीतम पर एक्शन से पहले लोधी वोट बैंक की ताकत पर मंथन

Thu Apr 23 , 2026
ग्वालियर चंबल डायरी हरीश दुबे: पिछोर सीट पर तीस साल से लगातार हार का सामना कर रही भाजपा को यहां 21 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत दिलाने वाले विधायक प्रीतम लोधी अब अपनी ही पार्टी के लिए मुसीबत बन गए हैं। यहां तक तो ठीक था कि वे […]

You May Like