हैदराबाद | आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के युवा सितारे अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए इतिहास रच दिया है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में अभिषेक ने मात्र 68 गेंदों पर 135 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। इस पारी के साथ ही अभिषेक टी20 क्रिकेट के इतिहास में चार बार 130 से अधिक रनों का स्कोर बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में दिग्गज क्रिस गेल और आरोन फिंच (3 बार) को पीछे छोड़ते हुए एक नया वैश्विक कीर्तिमान स्थापित किया है।
अभिषेक शर्मा की यह पारी केवल रिकॉर्ड्स तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 350 छक्के भी पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही वह इस फॉर्मेट में भारत की तरफ से संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक का यह टी20 करियर का 9वां शतक था, जिसकी बदौलत उन्होंने दिग्गज विराट कोहली (9 शतक) की बराबरी कर ली है। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने दिल्ली का कोई भी गेंदबाज टिक नहीं सका और उन्होंने आईपीएल इतिहास की पांचवीं सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का गौरव भी हासिल किया।
मुकाबले की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 242 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अभिषेक के 135 रनों के अलावा ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन ने 37-37 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 195 रन ही बना सकी और 47 रनों से मैच हार गई। हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए। इस शानदार जीत के साथ हैदराबाद ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है, जबकि अभिषेक शर्मा अपनी फॉर्म से ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे निकल गए हैं।

