खंडवा: खंडवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई विश्वनाथ उर्फ बाडू पाटिल (58) ने बुधवार सुबह बुरहानपुर जिले के बोहरड़ा गांव में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने खेत स्थित कुएं में कूदकर जान दी।घटना तड़के करीब 4 बजे की है। सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की मदद से लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बुरहानपुर एसपी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली में मौजूद सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल तत्काल बुरहानपुर के लिए रवाना हो गए। उनके निवास पर समर्थकों और परिजनों का जमावड़ा लग गया है, वहीं क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर शोक व्यक्त किया।
मृतक का अंतिम संस्कार गुरुवार को पैतृक गांव बोहरड़ा में किया जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
घटना के चलते क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के सभी तय कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं।
