आवासीय परिसर में अवैध शराब दुकान से बढ़ी परेशानी, नियमों की खुलेआम अनदेखी

सिंगरौली । जयंत क्षेत्र में आवासीय परिसर के बीच संचालित की जा रही एक शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। चंदौली क्रमांक-2 की यह दुकान आबकारी नियमों को दरकिनार कर खोली गई है, जिससे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रहवासियों का आरोप है कि दुकान नियमानुसार निर्धारित दूरी के भीतर ही स्थापित की जानी थी, लेकिन नियमों की अनदेखी करते हुए इसे जयंत चौकी के समीप खोल दिया गया।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह दुकान एनसीएल की जमीन पर संचालित की जा रही है, जो पूरी तरह अवैध है। आरोप है कि कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से इस दुकान का संचालन संभव हो पाया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन और आबकारी विभाग से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मामले को गंभीर मानते हुए एनसीएल प्रबंधन ने भी उपखंड मजिस्ट्रेट को लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि बिना अनुमति के उनकी भूमि पर शराब दुकान का संचालन न केवल अवैध है, बल्कि इससे सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अब तक कार्रवाई का अभाव लोगों की नाराजगी को और बढ़ा रहा है। शराब दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र का माहौल पूरी तरह बदल गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है, जिससे आए दिन विवाद और शोर-शराबे की स्थिति बनती है। महिलाएं और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में असहज महसूस कर रहे हैं, वहीं बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

विभाग के मिलीभगत से नियमों की अनदेखी

आबकारी विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि विभाग की मिलीभगत के बिना इस तरह की अनियमितता संभव नहीं है। लाइसेंस जारी करने में नियमों की अनदेखी और निरीक्षण में लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दुकान को बंद कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता जताई है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कितनी तत्परता दिखाता है और लोगों को राहत कब तक मिल पाती है। फिलहाल इस अवैध शराब दुकान ने क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण बना दिया है।

Next Post

व्यापारी का बैग चोरी होने के कुछ ही घंटो बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा

Tue Apr 21 , 2026
हरदा। व्ही व्ही गिरी वार्ड बोहरा मस्जिद वाली गली में हरसूद के एक व्यापारी का लेदर बैग चोरी हो गया। लोडिंग के दौरान पिकअप गाड़ी से यह बैग चुराया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाना […]

You May Like