
हरदा। व्ही व्ही गिरी वार्ड बोहरा मस्जिद वाली गली में हरसूद के एक व्यापारी का लेदर बैग चोरी हो गया। लोडिंग के दौरान पिकअप गाड़ी से यह बैग चुराया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सिविल लाइन थाना टीआई आर एस तिवारी ने बताया कि सौरभ सोनी निवासी वार्ड नंबर 4, सेक्टर 5, नया हरसूद, खंडवा ने शिकायत दर्ज कराई थी। सौरभ हरदा में अपने व्यवसाय के सिलसिले में आए थे और बोहरा मस्जिद के पास अपनी लोडिंग पिकअप में सामान लोड करवा रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पिकअप के केबिन के कांच खुले हुए थे, जिसमें उनका लेदर साइड बैग रखा था। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेज, नारजो कंपनी का नीले रंग का मोबाइल और लगभग 6000 रुपये नकद थे। अज्ञात व्यक्ति यह बैग चुरा ले गया।
सौरभ सोनी की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 126/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 20 से अधिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की।
कुछ ही घंटों में पुलिस ने विष्णु पिता जगन्नाथ, निवासी डबल फाटक के पास, थाना कोतवाली हरदा, और सजन पिता राजू बाबा सोलंकी उम्र 22 वर्ष, निवासी तहसील के सामने, सिवनी मालवा को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों आपस में दोस्त हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। टीआई तिवारी ने यह भी बताया कि एक आरोपी पर पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
