इंदौर: पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर इंदौर एवं रतलाम रेलवे स्टेशनों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए. इंदौर रेलवे स्टेशन पर भी इस अवसर पर विशेष गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें स्टेशन परिसर में स्थित हेरिटेज स्टीम लोको की साफ-सफाई कर उसे संरक्षित रखने का संदेश दिया गया.इसी क्रम में रतलाम रेलवे स्टेशन पर स्थित हेरिटेज स्टीम लोको को आकर्षक रूप से सजाया गया, जो वहां मौजूद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा.
कार्यक्रम के तहत रतलाम स्टेशन पर प्रभावशाली फॉगिंग एवं साउंड शो का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से दर्शकों को भारतीय रेलवे की समृद्ध विरासत से अवगत कराया गया. रेलवे अधिकारी मनोज कुमार के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य हेरिटेज लोको के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करना और रेलवे कर्मचारियों व यात्रियों में धरोहर संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. इस अवसर पर मंडल यांत्रिक अभियंता सहित यांत्रिक विभाग के पर्यवेक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे
