विंध्य की डायरी
डा. रवि तिवारी: प्रदेश में निगम-मंडलो एवं प्राधिकरण में होने वाली नियुक्तियों का इंतजार बढ़ता जा रहा है. राजनीतिक नियुक्तियों का मामला फिलहाल फिर टलता नजर आ रहा है. शुक्रवार को हुई बैठक में इस बात के संकेत दिये गये है कि फिलहाल निगम , मंडल और प्राधिकरणों के अध्यक्षों के नाम की घोषणा अभी नही होगी. साथ ही उपाध्यक्ष और सदस्यों के नाम भी एक साथ जारी किये जाएगे. ताकि किसी तरह के विवाद की स्थित निर्मित न हो. विंध्य की निगाहें राजनीतिक नियुक्तियों पर टिकी हुई है, विंध्य से भी किसी को मौका मिलेगा या फिर से विंध्य की उपेक्षा की जाएगी ?
विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष को लेकर कई नेता पूरी ताकत लगाए हुए हैं . लम्बे समय से वनवास काट रहे नेताओं को उम्मीद है कि उन्हे मौका मिलेगा और अध्यक्ष का ताज उनके सिर होगा. राजनीतिक नियुक्तियों की चाहत रखने वाले विंध्य क्षेत्र के नेता सत्ता-संगठन के बीच गणेश परिक्रमा लम्बे समय से कर रहे है. जिसमें कई चर्चित चेहरे भी शामिल है. चर्चा है कि नामों की सूची दिल्ली जा चुकी है बस घोषणा बाकी है, हालाकि इसमें समय भी लग सकता है. लंबे समय से चल रही कवायद अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. सत्ता और संगठन के बीच अधिकांश नामो पर सहमति बना ली गई है. केन्द्रीय नेतृत्व की भी मंजूरी मिल चुकी है. सूची कब बाहर आएगी यह तो भविष्य के गर्त में है.
मैं अधिकारी नही, नौकर हूं आप लोगों का लेक्टर की कुर्सी में बैठने के बाद कई अधिकारी खुद को जनता से ऊपर मानने लगते है. भोली-भाली जनता से मिलना तो दूर उनके तरफ देखते तक नही है पर ऐसे भी कलेक्टर होते है जो सादगी और अपनी विनम्र शैली से जनता के दिलो में जगह बना लेते है. सीधी के नवागत कलेक्टर विकास मिश्रा की सादगी और संवेदनशील कार्यप्रणाली को लेकर जिले से लेकर प्रदेश भर में चर्चा हो रही है. ग्रामीण क्षेत्रों का दौर कर ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर सीधे जनसुनवाई कर रहे हैं और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी फटकार लगा रहे हैं.
दरअसल शनिवार को मझौली जनपद पंचायत के ग्राम नेबूहा में जन समस्या समाधान शिविर लगा था. जहा बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी समस्या लेकर पहुंची. शिकायत सुनने के दौरान महिला के सामने हाथ जोड़ते हुए कलेक्टर साहब ने कहा बहनों मैं कोई अधिकारी नही हूं मैं तो आपका नौकर हूं मालिक आप लोग है. कलेक्टर के यह शब्द सुन लोगो के चेहरे में मुस्कुराहट आ गई. शायद सीधी में इस तरह विनम्र और संवेदनशील कलेक्टर पहली बार देखने को मिल रहे है.
नेताजी का अश्लील वीडियो वायरल
हनुमना के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष का एक अश्लील वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें नेताजी एक युवती के साथ कमरे में आपत्तिजनक हालत में नजर आ रहे है. कथित वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारे में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है. पूरे मामले को हनीट्रैप से भी जोड़ कर देखा जा रहा है. कांग्रेस के प्रवक्ता ने संबंधित नेताजी को मऊगंज के मौजूदा विधायक का करीबी बताते हुए सवाल भी खड़े किये. उधर संबंधित नेता की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नही आई है. वीडियो पोस्ट करने के बाद हटाई भी गई है. फिलहाल पुलिस कथित वीडियो को लेकर जांच कर रही है
