सिवनी मालवा:सिवनी मालवा विधानसभा के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नाहरकोला में रविवार रात एक शादी समारोह उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाकूबाजी की इस सनसनीखेज घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया, जिसमें एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम नाहरकोला निवासी रामनारायण के भतीजे की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। घर में खुशियों का माहौल था और मेहमान शादी समारोह में शामिल थे। इसी दौरान गांव का ही अमर सिंह कीर शराब के नशे में वहां पहुंचा। परिवार के लोगों ने उसे सामान्य रूप से खाना खाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने नशे की हालत में अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। भीड़ अधिक होने के कारण परिजनों ने उसे वहां से जाने के लिए कह दिया।बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद अमर सिंह अपने बेटे लोकेश कीर के साथ दोबारा शादी समारोह में पहुंचा। इस बार अमर सिंह के हाथ में डंडा और लोकेश के हाथ में चाकू था। आते ही दोनों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।
जब दूल्हे के चाचा हरिनारायण ने दोनों को समझाने का प्रयास किया तो लोकेश ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने आए दौलत कीर, रामनारायण कीर, जय नारायण कीर और महिला क्षमा बाई सहित अन्य लोगों पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।हमले में दौलत कीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं रामनारायण, जय नारायण और अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर थाना प्रभारी केएन रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। इस दौरान आरक्षक ओम जाट पर चाकू से कई वार किए गए। उनके पेट, हाथ और पैर में कुल 9 घाव आए हैं। गंभीर हालत में उन्हें पहले सिवनी मालवा अस्पताल और बाद में नर्मदापुरम रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा एस थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा एस थोटा ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और लगातार तलाश की जा रही है।
घटना में घायल महिला क्षमा बाई ने बताया कि डीजे बजने को लेकर आरोपी अमर सिंह पहले गाली-गलौज कर रहा था। समझाने पर वह चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद बेटे के साथ वापस लौटकर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें उनके भाई की मौत हो गई।इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस गांव में निगरानी बनाए हुए है।
