
सौसर, -राजना-बजाज मार्ग पर अनियंत्रित गति से दौड़ रहे गोभी से भरे पिकअप वाहनों पर लगाम लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश गहरा गया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सोपान कोहले के नेतृत्व में गुरुवार को ग्रामीणों ने पिपला पुलिस चौकी पर धरना-प्रदर्शन किया और चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि राजना-बजाज मार्ग क्षेत्र के लगभग 15 गांवों को आपस में जोड़ता है। इस मार्ग से रोजाना 100 से 200 गोभी लदे पिकअप वाहन पिपला नारायण, रिधोरा और जाम सांवली होते हुए अत्यधिक तेज गति व लापरवाही से गुजरते हैं। तेज रफ्तार के कारण क्षेत्र में हर वक्त गंभीर सड़क हादसों का अंदेशा बना रहता है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में घोघरा के पास एक पिकअप की चपेट में आने से प्रभातपट्टन निवासी युवक की असमय दर्दनाक मौत हुई थी ।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित तैनाती कर वाहनों की गति की निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान लोधीखेड़ा थाना प्रभारी मर्सकोले से दूरभाष पर चर्चा हुई। वहीं चौकी प्रभारी शिवपाल सरयाम ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि तेज रफ्तार वाहनों पर त्वरित चालानी कार्रवाई शुरू की जाएगी और चालकों को गति सीमा का पालन करने की हिदायत दी जाएगी। पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।
युवा कांग्रेस नेता सोपान कोहले ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की जान-माल से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने जल्द पुख्ता कदम नहीं उठाए तो क्षेत्रवासी व्यापक चक्काजाम आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान दिलीप लांडे, अजय चौधरी, प्रेमराज फोले, निवृत्ति कोहले, राजेन्द्र इंगोले, प्रदीप चौरे, उदय इंगोले, अभिनय चौरे, सागर पाबले, मयुर फोले समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
