
खंडवा। जिले के पंधाना-कालंका रोड पर शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में इंदौर निवासी 5 लोग घायल हो गए। हादसा ग्राम बड़ौदा अहीर के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में जा पलटी।
दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पलटी हुई कार को सीधा कर उसमें फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से सभी घायलों को पहले पंधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से 3 गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पंधाना पुलिस के अनुसार, कार सवार सभी लोग इंदौर के निवासी हैं और शिवा बाबा की ओर जा रहे थे। घायलों में विष्णु नामक व्यक्ति की स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि कार सवार कुछ लोग प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े हैं। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और आगे की जांच जारी है।
