
पचोर। वर्तमान में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक बना हुआ है, भीषण गर्मी का प्रकोप है, ऐसे में कई घंटे तक बिजली के बंद रहने से कितनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. किंतु इन दिनों भीषण गर्मी में विद्युत विभाग द्वारा जिले भर में विभिन्न जगहों पर मैंटेनेंस कार्य किया जा रहा है जिसमें कई घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रखी जा रही है. आज पचोर नगर में मैंटेनेंस कार्य के चलते 5 घंटे के लिए बिजली सप्लाई बंद रहेगी.
गौरतलब है कि रविवार को राजगढ़ में मैंटेनेंस कार्य के चलते प्रात: 6 से दोपहर 12 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रही. कल 20 अप्रैल को पचोर नगर में सुबह 6 से 11 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी. पचोर एवं करनवास फीडर के तहत मैंटेनेंस कार्य किया जाना है. विद्युत विभाग के अनुसार पचोर सब स्टेशन पर अर्थिंग का कार्य किया जाना है जिसके चलते प्रात: 6 से 11 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी. शहर की विद्युत सप्लाई 132 केवी सब स्टेशन मेला ग्राउंड से बंद रहेगी.
पेयजल सप्लाई होगी बाधित
पचोर नगर में आज 5 घंटे तक मैंटेनेंस कार्य के चलते बिजली सप्लाई बंद रहेगी. ऐसी स्थिति में पेयजल सप्लाई सहित बिजली आधारित कई अन्य कार्य प्रभावित होंगे. वहीं तापमान में तेजी के चलते सुबह से ही गर्मी का प्रकोप शुरु हो जाता है, बिजली नहीं रहने से पंखे बंद होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. यदि यही मैंटेनेंस कार्य तेज गर्मी के पूर्व कर लिया जाता तो भीषण गर्मी से बचा जा सकता था. जानकारी के अनुसार बिजली संबंधी आवश्यक रख रखाव कार्य हेतु शेड्यूल आगे से आना बताया जाता है.
