आदित्य ठाकरे का पासपोर्ट जब्त किया जाए, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश भाग सकते हैं: नितेश राणे

मुंबई, 3 अक्टूबर (वार्ता) महाराष्ट्र में भाजपा नेता और महाराष्ट्र के बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे ने शनिवार को बड़ा दावा करते हुए गृह विभाग से विधायक आदित्य ठाकरे का पासपोर्ट तुरंत जब्त करने और उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की मांग की है। श्री राणे ने आरोप लगाया कि सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान मौत मामले और मीठी नदी घोटाले में गिरफ्तारी से बचने के लिए श्री ठाकरे विदेश भागने की फिराक में हैं।

मुंबई में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए श्री राणे ने कहा, “दिशा सालियान मामले की प्राथमिकी में आदित्य ठाकरे और अभिनेता डिनो मोरिया का नाम शामिल है। चूंकि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है, इसलिए आदित्य ठाकरे पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। मेरे पास पक्की जानकारी है कि उनके फ्लाइट टिकट बुक हो चुके हैं और वे किसी भी समय देश छोड़कर भाग सकते हैं।” उन्होंने गृह विभाग से तुरंत कदम उठाने की अपील की।

भाजपा नेता ने मीठी नदी घोटाले में आर्थिक अपराध शाखा की जांच का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि अभिनेता डिनो मोरिया मुंबई के एक नाइटलाइफ़ गिरोह के सदस्य हैं और उनके सीधे संबंध श्री ठाकरे से हैं। उन्होंने कहा कि जांच का शिकंजा कसने के कारण उनमें गिरफ्तारी का डर बैठ गया है। खबर लिखे जाने तक इन आरोपों पर आदित्य ठाकरे या शिवसेना (यूबीटी) की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया था।

इसके अलावा, शुक्रवार को शिवाजी पार्क में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए श्री राणे ने आरोप लगाया कि शिवाजी पार्क में देश को विभाजित करने वाले उमर खालिद के समर्थन में पोस्टर दिखाए गए और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के प्रतिनिधियों का समर्थन किया गया। उन्होंने कहा कि जिस शिवाजी पार्क से बालासाहेब ठाकरे ने हिंदुत्व की हुंकार भरी थी, उसी जगह पर देश विरोधी ताकतों को संरक्षण दिया जा रहा है।

श्री राणे ने मतदाता सूची में गड़बड़ी के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए सवाल उठाया कि अगर चुनाव आयोग की सूची गलत थी तो वर्ली से आदित्य ठाकरे और बारामती से सुप्रिया सुले का चुनाव कैसे संभव हुआ।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के जरिए फर्जी मतदाताओं, रोहिंग्याओं और अवैध घुसपैठियों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे केवल वही लोग परेशान हैं जिन्होंने वोटों के धुव्रीकरण के दम पर चुनाव जीता है।

Next Post

सुल्तानिया में विकास खटक ने सरपंच उपचुनाव जीता

Sat Oct 3 , 2026
सारंगपुर। सारंगपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सुल्तानिया में सरपंच पद के उपचुनाव की मतगणना शनिवार को तहसील कार्यालय में हुई. विकास खटक ने सबसे अधिक 493 वोट हासिल कर जीत दर्ज की. मतगणना और निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तहसीलदार कपिल शर्मा ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा. […]

You May Like