टोक्यो, 19 अप्रैल (वार्ता) जापान ने रविवार को उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षणों पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा है कि इस तरह की गतिविधियां क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरनाक हैं।
जापानी रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, “उत्तर कोरिया की गतिविधियां, जिनमें लगातार किए जा रहे बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण शामिल हैं, हमारे देश, क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरा हैं। बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन करते हैं और जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। हमारा देश इनकी कड़ी निंदा करता है और उत्तर कोरिया के समक्ष अपना कड़ा विरोध दर्ज कराता है।”
इससे पहले खबर आई थी कि सुबह छह बजे (21:00 जीएमटी शनिवार) के बाद उत्तर कोरिया के पूर्वी तट से कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। ये मिसाइलें कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी तट के पास गिरीं। जापान के क्षेत्र या उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र के ऊपर से किसी भी उड़ान का पता नहीं चला है। वर्तमान में जापानी जहाजों या विमानों को किसी भी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
