
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (वार्ता) जिंदल स्टील एंड पावर के चेयरमैन नवीन जिंदल ने छत्तीसगढ़ में हाल में बॉयलर फटने की घटना की प्राथमिकी में वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल का नाम शामिल किये जाने पर चिंता व्यक्त की है।
श्री जिंदल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री अग्रवाल के प्रति समर्थन व्यक्त किया और जांच पूरी होने से पहले उनका नाम प्राथमिकी में शामिल किये जाने पर सवाल उठाये।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “ उस प्लांट के संचालन में उनकी (श्री अग्रवाल की) कोई भूमिका नहीं थी। जब सार्वजनिक कंपनियों के प्लांटों में या रेलवे में दुर्घटनाएं होती हैं, तो क्या हम चेयरमैन का नाम लेते हैं? नहीं लेते। यही मानक निजी क्षेत्र पर भी लागू होना चाहिये। ”
श्री जिंदल ने कहा कि वेदांता के चेयरमैन पहली पीढ़ी के कारोबारी हैं, जो एक साधारण और पिछड़े समुदाय से आते हैं। उन्होंने बिल्कुल जमीनी स्तर से एक वैश्विक उद्यम खड़ा किया।
उन्होंने जांच के दौरान अटकलों की बजाय साक्ष्यों के आधार पर निर्णय लेने पर जोर दिया और कहा, “ विकसित भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए अनिल अग्रवाल जैसे लोगों का निवेश और निर्माण जारी रखना आवश्यक है। यह तभी संभव है जब निवेशकों को प्रणाली पर भरोसा हो। ”
