शिवपुरी: जिले की करैरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से कुल 37.93 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.70 लाख रुपए बताई जा रही है।एसडीओपी आयुष जाखड़ ने बताया कि थाना प्रभारी विनोद छावई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गल्ला मंडी क्षेत्र में एक युवक स्मैक बेचने के लिए बैठा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अतुल लोधी निवासी सिरसौद, थाना अमोला बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 20.43 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा बरामद किया गया। पुलिस को मुंगावली तिराहे के पास यात्री प्रतीक्षालय में एक अन्य युवक के स्मैक बेचने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी ने अपना नाम बसूली उर्फ सौरभ यादव (25) निवासी कारोठा, हाल शंभू दयाल कॉलोनी करैरा बताया। उसके पास से 17.50 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
