रीवा: जिले में पिछले तीन दिनो से भीषण गर्मी पड़ रही है. लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है. बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूलो का समय बदला गया है. वही गर्म हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.गौरतलब है कि अप्रैल के प्रथम सप्ताह से ही धूप तेज होने के साथ गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर दी. तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री पहुंच गया. जबकि न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रहा. आने वाले दो दिनो में 43 तक तापमान पहुंचने की संभावना है. वही गर्म हवाएं भी शुरू होगी जो नुकसान दायक हो सकती है. सुबह से ही तेज धूप रहती है और दोपहर सडक़ो पर सन्नाटा रहता है, शाम से ही राहत मिल पाती है. रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है. आने वाले दिनो में 25 डिग्री तक पहुंच जाएगा. जिससे रात में गर्मी का असर रहेगा.
तापमान के कारण स्कूलों के समय में किया गया परिवर्तन
जिले में वर्तमान में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने छात्र-हित में स्कूल संचालन के समय में परिवर्तन का आदेश जारी किया है. कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले संचालित होने वाले समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्ध विद्यालयों के समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया गया है.
यह नया नियम नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं पर लागू होगा, जिसके तहत अब शाला संचालन का समय प्रात: 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियत कर दिया गया है. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. जारी आदेश के अनुसार स्कूल के शैक्षणिक और अन्य अधिकारी व कर्मचारी प्रात: 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उपस्थित रहकर अपने विभागीय कार्यों को पूर्ण करेंगे
