सतना :मानसूनी सिस्टम के प्रभावी होने के साथ-साथ पिछले दो दिनों से घने बादलों का डेरा बरकरार है. जिसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. लेकिन इसके बावजूद भी न तो अपेक्षित बारिश ही सामने आई और न ही लोगों को उमस से छुटकारा मिल पा रहा है.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इस लिहाज से अधिकतम तापमान में न सिर्फ पिछले 24 घंटे में 4 डिग्री की गरिावट दर्ज की गई. बल्कि यह सामान्य की तुलना में भी 1.3 डिग्री कम आंका गया. इसी कड़ी में न्यूनतम तापमान में भी 24 घंटे में 0.3 डिग्री की गिरावट हुई और इतना ही यह सामान्य से नीचे भी पाया गया. इसी कड़ी में हवा की नमी की मात्रा भी 86 से लेकर 76 फीसदी के बीच बनी रही. लेकिन वहीं यदि रविवार को हुई बारिश पर गौर किया जाए तो यह आंकड़ा बमुश्किल 1 मिमी पर पहुंचता नजर आया.
हलांकि घने बादलों की आवाजाही के चलते चटख धूप तो नहीं खिली. लेकिन उमस ने लोगों को हलाकान किए रखा. पूर्व में मौसम विभाग द्वारा 19 जुलाई को सतना में कहीं कहीं भारी बारिश के साथ ही अधिकांश क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई गई थी. लेकिन इसके बावजूद भी रविवार को सतना बारिश के दौर से अछूता बना रहा. हलांकि मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों में मानसून के ऐसे ही सक्रिय रहने की संभावना जताई जा रही है. लिहाजा जिले के किसान आसमान में टकटकी लगाए झामाझम बारिश की बाट जोह रहे हैं.
