
सीधी। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरैया एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत विकासखंड सिहावल के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में हाईस्कूल खैरा, हायर सेकेण्डरी स्कूल कुचवाही एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल सपही में विशेष परामर्श सत्र आयोजित किए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सपना सिंह एवं अंजीरा व्यास द्वारा 14-15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के जोखिम, एचपीवी टीकाकरण की आवश्यकता तथा प्रजनन स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान छात्राओं की शंकाओं एवं भ्रांतियों का समाधान करते हुए उन्हें टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया। सत्र के दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य दूत बनकर अपने परिवार एवं समुदाय तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि शासन द्वारा 14 से 15 वर्ष 3 माह तक की बालिकाओं को एचपीवी टीका नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण है। चिरैया कार्यक्रम के तहत सुसज्जित प्रचार वाहन ऑडियो संदेशों के माध्यम से गांव-गांव तक जागरूकता फैला रहे हैं। इन वाहनों के माध्यम से विषय विशेषज्ञों को स्कूलों एवं समुदाय तक पहुंचाकर समझाइश सत्र आयोजित किए जा रहे हैं जहां छात्राओं एवं ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 31 मई 2026 से पहले यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
