सिंगरौली: जिले के लांघाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलियरी गांव के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए बैढ़न स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।मृतकों की पहचान लाल बहादुर सिंह खैरवार (17) पिता धीरसाह खैरवार निवासी मछरकटा थाना भूईमाड जिला सीधी और राहुल खैरवार (26) पिता रावेन्द्र सिंह खैरवार निवासी गोरवानी थाना सरई जिला सिंगरौली के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक राम भजन सिंह (20) पिता जय लाल खैरवार निवासी गोरवानी थाना सरई बताया गया है।
परिजनों के अनुसार तीनों युवक बाइक से गुरवानी गांव अपने नाना-नानी के घर गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुलियरी के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रिप ट्रेलर से टकरा गई।लंघाडोल थाना प्रभारी पुष्पेंद्र धुर्वे ने बताया कि हादसा रात के अंधेरे में हुआ, जिससे संभवतः बाइक सवारों को खड़ा ट्रेलर दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रात करीब 11 बजे से सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। सड़क जाम के कारण लगभग 20 घंटे तक यातायात बाधित रहा और कोयले का परिवहन भी प्रभावित हुआ। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही। घटना स्तर पर करीब चार थानों की पुलिस पहुंच गई है,आवागमन ठप कर दिया गया उक्त घटना को लेकर तनाव की स्थिति निर्मित हुई है।
