महू: बड़गोंदा क्षेत्र में हुए गैंगरेप मामले को लेकर पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. इस सनसनीखेज घटना के बाद से पुलिस एक्शन मोड में है और आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई है. इसी क्रम में बड़गोंदा पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों के स्केच जारी किए हैं, ताकि आम लोगों की मदद से उनकी पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके. जारी किए गए स्केच के आधार पर पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी. साथ ही, पुलिस ने आरोपियों की जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की है.
मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ा रही है. आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है. गुरुवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी बड़गोंदा थाने पहुंचे.
इस दौरान एसपी, एएसपी और एसडीओपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को स्केच में दिख रहे व्यक्तियों के बारे में कोई भी जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके
