दुधाना खरीदी केंद्र की ऊंचाई को लेकर नाराज हुई कलेक्टर

मोहन बड़ोदिया। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने गत दिवस मोहन बड़ोदिया मार्केटिंग तथा दुधाना और मोहना सोसायटियों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दुधाना सोसायटी में केंद्र की ऊंचाई जमीन से अधिक होने के कारण कलेक्टर को टेबल का सहारा लेकर ऊपर चढऩा पड़ा. इस व्यवस्था को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई.

मौके पर मौजूद मोहन बड़ोदिया तहसीलदार दिव्या जैन ने संबंधित संचालक को निर्देश दिए कि यहां तत्काल सीढ़ी का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में अधिकारियों व किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. कलेक्टर ने गेहूं खरीदी केंद्रों पर बारदान की उपलब्धता, स्टॉक की स्थिति और तौल व्यवस्था का जायजा लिया. अधिकारियों से बारदाने की उपलब्धता, उसकी गुणवत्ता और कितने दिनों तक स्टॉक चल सकेगा, इसकी जानकारी ली गई. संबंधित अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में 8 से 10 दिन का बारदान उपलब्ध है. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मौके पर बारदाने की तौल भी करवाई. एक स्थान पर तौल में लगभग 200 ग्राम की कमी पाए जाने पर उन्होंने कारण पूछा, जिस पर बताया गया कि बारदान नमी युक्त है. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गीले बारदानों को धूप में सुखाकर ही तौल की जाए. अन्य केंद्रों पर तौल संतोषजनक पाई गई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदे गए अनाज का समय पर परिवहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि केंद्रों पर अनावश्यक स्टॉक न रुके. निरीक्षण के दौरान आधारभूत व्यवस्थाओं को लेकर भी निर्देश दिए गए. इस दौरान भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष दिनेश कुमार कलमोदिया ने सैटेलाइट के माध्यम से स्लॉट निरस्त होने की समस्या उठाई. कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि दो दिनों में समस्या का समाधान किया जाएगा. वहीं पराली जलाने के मुद्दे पर उन्होंने किसानों को जागरूक करने की बात कही.

Next Post

40 डिग्री सेल्सियस के पार तापमान, लू चलने का अलर्ट 

Thu Apr 16 , 2026
उज्जैन। मौसम अब पूरी तरह से सूरज के तेवर से प्रभावित होता दिखाई दे रहा है। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। गर्म हवा चलने से दिन में सडक़ों पर चला मुश्किल होने लगा है। मौसम विभाग ने लू चलने का अलर्ट जारी किया है। प्रमुख चौराहों पर […]

You May Like