
इटारसी। आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनज़र शहर में जलभराव की समस्या को रोकने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए नगरपालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह 08:30 बजे नगरपालिका अध्यक्ष श्री पंकज चौरे ने एफसीआई (सूरजगंज) परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सूरजगंज क्षेत्र के कई वार्डों की जल निकासी व्यवस्था एफसीआई परिसर के भीतर स्थित नगरपालिका के नाले पर निर्भर है, जहां कचरा जमा होने से पानी के बहाव में बाधा उत्पन्न होती है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नाले की तत्काल सफाई और आवश्यक मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून से पहले नाले की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने एफसीआई अधिकारियों और नगरपालिका अमले को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एल्डरमैन संजीव हूरा, आशीष कुमार मालवीय, एफसीआई के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी तथा नगरपालिका के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग का अमला उपस्थित रहा।
श्री पंकज चौरे ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य है कि बारिश के दौरान किसी भी वार्ड में नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े और इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
