धमाके के साथ आग का शोला बना ट्रांसफॉर्मर

सीधी। जिले के सेमरिया पंचायत भवन के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में तेज धमाके के साथ अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया । शाम करीब 4:30 बजे तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते ट्रांसफॉर्मर आग की लपटों में घिर गया और पूरा इलाका अफरा-तफरी में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रांसफॉर्मर कई वर्षों से जमीन के नीचे स्थापित है, जिसकी वजह से उसमें अक्सर छोटी-मोटी आग लगती रहती थी। लेकिन इस बार आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफॉर्मर के साथ-साथ पूरी केबल भी जलकर राख हो गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को बम फटने का भ्रम हो गया। इस घटना के समय बिजली विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। हालात बिगड़ते देख गांव के लोगों ने खुद मोर्चा संभाला और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। हालांकि आग इतनी भयंकर थी कि काफी देर बाद काबू पाया जा सका।

स्थानीय निवासी कुबेर तोमर ने बताया कि जैसे ही तेज आवाज सुनाई दी, हम तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करने लगे लेकिन आग पर तुरंत काबू पाना मुश्किल हो गया। वही ग्रामीणों का आरोप है कि नए जूनियर इंजीनियर की नियुक्ति के बाद से बिजली व्यवस्था पूरी तरह लचर हो गई है और इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने विभागीय लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इनका कहना है-

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। तेज गर्मी और आसपास सूखे पत्तों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल गई।

प्रकाश चंद्र निगम, जेई डीसी सेमरिया

Next Post

भंवरकुआं में छात्रा, राऊ में विवाहिता और खुड़ैल में महिला डॉक्टर ने दी जान; इंदौर शहर में हड़कंप

Thu Apr 16 , 2026
इंदौर। शहर में आत्महत्या के तीन अलग अलग मामलों ने सनसनी फैला दी है. भंवरकुआं, राऊ और खुड़ैल थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में एक छात्रा, एक महिला और एक डॉक्टर की मौत हो गई. दो मामलों में फांसी और एक में जहर खाने की बात सामने आई है. […]

You May Like

मनोरंजन