
ग्वालियर। जिला चिकित्सालय मुरार में नवनिर्मित अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त प्राइवेट व सेमी-प्राइवेट वार्डों का आज गुरुवार को शुभारंभ हुआ। परंपराओं से हटकर कलेक्टर रुचिका चौहान ने इन वार्डों का फीता स्वयं न काटकर, वहां तैनात होने जा रहीं नर्सों व सफाई मित्रों के हाथों से फीता कटवाकर शुभारंभ करवाया।
*वार्डों की प्रमुख विशेषताएं*
जिला चिकित्सालय में मरीजों की और बेहतर देखभाल के लिए प्राइवेट वार्ड में विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। जिसमें सिंगल बेड 4 वार्ड और 4-4 बेडेड 2 सेमी-प्राइवेट वार्ड तैयार किए गए हैं। इन वार्डों में मरीजों को किफायती दर पर बेहतर स्वास्थ्य वातावरण मिलेगा। इन वार्डों में बेहतर वेंटिलेशन, अटेंडेंट के बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्वालियर जिले में भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिला अस्पताल को अब इस तरह विकसित किया जा रहा है कि मध्यम वर्गीय परिवारों को निजी अस्पतालों की ओर न भागना पड़े। मुरार जिला चिकित्सालय में इन वार्डों के शुरू होने से अब मरीजों को “प्रीमियम हेल्थकेयर” का अनुभव मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सचिन श्रीवास्तव, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. आर.के. शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक एवं प्रबंधक राजेश बिरथरिया और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
