केन-बेतवा परियोजना के विरोध में किसानों का धरना, निर्माण कार्य ठप

बिजावर: केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित किसानों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। ग्राम ढोढन और पलकोंआ के हजारों किसान पिछले 10 दिनों से धरने पर बैठे हैं, जिसके चलते बांध निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भी मौके से लौट चुके हैं।प्रशासन द्वारा प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए लगातार बातचीत और प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

इस बीच टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। किसानों ने बताया कि केंद्र सरकार के नियमों के तहत मुआवजा तो मिल चुका है, लेकिन उनकी मांग है कि परिवार के उन सदस्यों को भी मुआवजा दिया जाए, जो परियोजना लागू होने के समय नाबालिग थे। उनका कहना है कि परिवार के प्रत्येक सदस्य को साढ़े बारह लाख रुपए का मुआवजा मिलना चाहिए।
धरने के दौरान किसानों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया है।

चिता सजाकर उस पर लेटना और दसवें दिन मिट्टी सत्याग्रह जैसे कदम उठाकर उन्होंने अपनी नाराजगी जताई है।वहीं, छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा है कि यदि कोई पात्र व्यक्ति मुआवजे से वंचित रह गया है, तो वह सीधे उनसे संपर्क कर अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सकता है।प्रदर्शन को लेकर कुछ सवाल भी उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में पन्ना जिले के लोग भी शामिल हैं, जबकि वे पहले ही मुआवजा प्राप्त कर चुके हैं।

साथ ही छतरपुर के प्रदर्शनकारियों में भी बड़ी संख्या ऐसे लोगों की बताई जा रही है, जिन्हें नियमानुसार मुआवजा मिल चुका है, लेकिन अब नई मांगें सामने आ रही हैं।गौरतलब है कि पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत केन नदी के बीच चल रहे इस धरने में कई परिवार अपने पूरे परिवार के साथ मौजूद हैं। भीषण गर्मी और लगभग 40 डिग्री तापमान के बीच न तो वहां भोजन की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही रहने की, इसके बावजूद किसान लगातार प्रदर्शन पर डटे हुए हैं।

Next Post

जनजातीय उत्थान के लिए राज्य स्तरीय कार्यशाला, योजनाओं को परिणाममुखी बनाने पर मंथन

Thu Apr 16 , 2026
भोपाल: राज्यपाल मंगुभाई पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय उप योजना कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर जनजातीय कार्य एवं […]

You May Like